घर्षण बल किसे कहते हैं? घर्षण से लाभ और हानियाँ|friction in hindi
आज की इस पोस्ट में हम घर्षण(friction) से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्नों को पढ़ने वाले हैं| जैसे- घर्षण बल क्या है? घर्षण से होने वाले लाभ और हानियां तथा घर्षण को बढ़ाने के उपाय और घर्षण को कम करने के उपाय|
घर्षण बल क्या है (gharshan Bal kya hai):
घर्षण बल परस्पर संपर्क में रखे दो पृष्ठों के मध्य लगने वाला वह बल है, जो संपर्क पृष्ठों के स्पर्शीय लगता है तथा उनकी आपेक्षिक गति का विरोध करता है|
यदि किसी वस्तु के पृष्ठ को किसी दूसरे पृष्ठ पर खिसकाया जाता है, तो प्रत्येक वस्तु दूसरी वस्तु पर गति की दिशा के विपरीत घर्षण बल आरोपित करती है| वस्तु की गति की दिशा बदलने पर घर्षण बल की दिशा भी बदल जाती है|
![]() |
Friction in hindi |
चित्र (a) में वस्तु की गति की दिशा AB है, तो घर्षण बल f की दिशा AB के विपरीत है तथा चित्र (b) में वस्तु की गति की दिशा BA है, तो घर्षण बल f की दिशा BA के विपरीत है|
घर्षण बल की उत्पत्ति का कारण:
घर्षण बल उत्पन्न होने का मुख्य कारण प्रत्येक वस्तु के पृष्ठ पर कुछ उठान या खांचो का होना है| दो पृष्ठों को संपर्क में रखने से उनके उठान या खांचे एक दूसरे में फंस जाते हैं जिसके कारण जब बाह्य बल लगाकर एक पृष्ठ को दूसरे पृष्ठ के संपर्क में रखकर चलाया जाता है, तो उन पृष्ठों के मध्य गति विरोधी घर्षण बल उत्पन्न हो जाता है|
घर्षण बल संपर्क पृष्ठों की प्रकृति पर निर्भर करता है| संपर्क में आने वाले दोनों पृष्ठ जितने अधिक चिकने होते हैं, घर्षण बल का मान उतना ही कम होता है| कोई भी वस्तु पूर्णतः चिकनी अथवा घर्षण रहित नहीं हो सकती है अर्थात दो पृष्ठों के बीच घर्षण बल को पूर्ण रूप से समाप्त करना असंभव है|
घर्षण से लाभ (Advantages of friction)
घर्षण से मुख्य लाभ निम्नलिखित हैं-
1. घर्षण के कारण ही हम जमीन पर चल पाते हैं| यदि हमारे पैर और भूमि के बीच घर्षण ना हो तो हम चल नहीं सकेंगे और फिसल कर गिर जाएंगे|
2. घर्षण के कारण ही हम पेन या पेंसिल के द्वारा पेपर पर लिख पाते हैं|
3. घर्षण के कारण ही वाहनों पर ब्रेक लगाकर उन्हें रोका जाता है| यदि घर्षण ना हो तो एक बार चलाए गये यंत्र चलते ही रहेंगे तथा दुर्घटनाएं बढ़ जाएगी|
4. दो पदार्थों के घर्षण से ही हमें अग्नि प्राप्त होती हैं| यदि पदार्थों के बीच घर्षण ना हो तो शायद हमें अग्नि सरलता से ना मिलती| मनुष्य ने घर्षण से ही सर्वप्रथम दो पत्थरों को आपस में रगड़कर अग्नि प्राप्त की थी|
5. दांतो के द्वारा भोजन को चबाया जाना भी घर्षण की सहायता से ही होता है|
घर्षण से हानियाँ (Disadvantages of friction)
घर्षण से जहाँ हमें इतने लाभ है वही घर्षण से कुछ हानियाँ भी है-
1. घर्षण के कारण मशीनों के पुर्जे घिसते रहते हैं जिससे उन्हें बार-बार बदलना पड़ता है|
2. घर्षण के कारण मशीनों में कुछ ऊर्जा व्यय होती जाती है जिससे मशीनों की दक्षता कम हो जाती है|
3. घर्षण के कारण ही मशीनों को दी गई ऊर्जा का कुछ भाग ऊष्मा के रूप में व्यय हो जाता है| इस उत्पन्न ऊष्मा के कारण मशीनों का तापमान बढ़ जाता है जिससे मशीनों को ठंडा बनाए रखने के लिए अलग से व्यवस्था करनी पड़ती है|
घर्षण को बढ़ाने के उपाय (gharshan ko badhane ke upay):
1. जूतों के तले खुरदुरे बनाकर घर्षण को बढ़ाया जाता है जिससे हम जमीन पर आसानी से चल सकते हैं|
2. वाहनों के टायरों में खांचे बनाकर घर्षण को बढ़ाया जाता है|
3. बहुत चिकनी सतह पर सूखी मिट्टी या बालू डालकर|
घर्षण को कम करने के उपाय(gharshan ko kam karne ke upay):
1. पॉलिश करके|
2. स्नेहक का उपयोग करके|
3. बॉल बियरिंग का उपयोग करके|
4. धारारेखीय आकृति देकर|
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें