Competition exam, science, maths, general knowledge, motivational quotes, study materials, study zone

बुधवार, 18 अगस्त 2021

जड़त्व किसे कहते हैं?जड़त्व के प्रकार और उदाहरण|Inertia in hindi

जड़त्व किसे कहते हैं?जड़त्व के प्रकार और उदाहरण|Inertia in hindi

आज की इस पोस्ट में हम physics (भौतिक विज्ञान) के बहुत ही महत्वपूर्ण टॉपिक जड़त्व(inertia) के बारे में पढ़ने वाले हैं| 

इसमें हम पढ़ेंगे जड़त्व किसे कहते हैं? इसकी परिभाषा तथा जड़त्व के प्रकार और जड़त्व के उदाहरण जिन्हें हम अपने दैनिक जीवन में अनुभव करते हैं|

जड़त्व क्या है(jadatva kya hai) 

हमने अपने दैनिक जीवन में अनुभव किया है कि किसी मेज पर रखी किताब स्थिर अवस्था में है तो वह स्थिर अवस्था में ही रहेगी जब तक कि उस पर कोई बाह्य बल नहीं लगाया जाए| यदि हम किताब को बाह्य बल लगाकर गति अवस्था में लाना चाहते हैं तो किताब हमारे द्वारा लगाए गए बल का विरोध करती है|

इसी प्रकार यदि कोई गेंद घर्षण रहित फर्श पर लुढ़क रही है तो वह उसी वेग से उसी दिशा में गतिमान रहेगी जब तक की उसे बाह्य बल लगाकर रोका न जाए| यदि हम गेंद को बाह्य बल लगाकर विराम अवस्था में लाना चाहते हैं तो गेंद हमारे द्वारा लगाए गए बल का विरोध करती है|

अत: जड़त्व प्रत्येक वस्तु का वह गुण होता है जिसके कारण स्थिर वस्तु सदैव स्थिर अवस्था में ही रहती है तथा गतिमान वस्तु सदैव उसी वेग से उसी दिशा में गतिमान अवस्था में रहती है जब तक की उस पर बाह्य बल नहीं लगाया जाता है| वस्तु का यह गुण जड़त्व कहलाता है|

जड़त्व की परिभाषा(definition of inertia) 

किसी वस्तु में अपनी स्थिर अवस्था तथा गति अवस्था में परिवर्तन का विरोध करने के गुण को जड़त्व कहते हैं|

जड़त्व दो प्रकार का होता है-

1. विराम का जड़त्व(inertia of rest) 

2. गति का जड़त्व(inertia of motion)

विराम का जड़त्व किसे कहते हैं(inertia of rest)

यदि कोई वस्तु स्थिर अवस्था में है तो वह सदैव स्थिर ही रहेगी जब तक कि उस पर कोई बाह्य बल न लगाया जाए|वस्तु के इस गुण को विराम का जड़त्व कहते हैं|

विराम का जड़त्व के उदाहरण-

1. बस या रेलगाड़ी के अचानक चलने पर उसमे बैठा यात्री पीछे की ओर गिर जाता है - प्रारंभ में बस या रेलगाड़ी के रुके होने पर उसमे बैठा यात्री विराम अवस्था में होता है| बस या रेलगाड़ी के अचानक चलने पर यात्री के पैर तो गाड़ी के संपर्क में होने के कारण गति अवस्था में आ जाते हैं परंतु यात्री के शरीर का ऊपरी भाग विराम के जड़त्व के कारण स्थिर ही रहता है जिससे वह पीछे की ओर गिर जाता है|

2. पेड़ को हिलाने से पके फल टूट कर नीचे गिर जाते हैं- पके हुए फलों की डालियाँ हिलाने पर डालियाँ तो गतिशील अवस्था में आ जाती है, लेकिन फल विराम के जड़त्व के कारण स्थिर ही बने रहते हैं |अतः डाली से लगे फल टूटकर गुरुत्वाकर्षण बल के कारण नीचे की ओर गिर जाते हैं|

3. बंदूक की गोली से खिड़की के काँच में एक छेद बन जाता है लेकिन काँच नहीं टूटता है- खिड़की के काँच पर बंदूक की गोली यदि तीव्र गति से आती हुई टकराती है, तो खिड़की के काँच का केवल वह भाग जहां गोली टकराती है गतिमान होकर अलग निकल जाता है तथा शेष भाग विराम के जड़त्व के कारण स्थिर ही बना रहता है| इस प्रकार काँच में एक छेद बन जाता है|

गति का जड़त्व किसे कहते हैं(inertia of motion) 

यदि कोई वस्तु गतिशील अवस्था में है, तो वह उसी चाल से उसी सरल रेखा में गतिशील रहेगी जब तक कि उस पर कोई बाह्य बल न लगाया जाए| वस्तु के इस गुण को गति का जड़त्व कहते हैं|

गति का जड़त्व के उदाहरण-

1. चलती हुई गाड़ी को अचानक रोक देने पर यात्री का सिर आगे की ओर झुक जाता है- चलती हुई गाड़ी के अचानक रुक जाने पर यात्री के शरीर का निचला भाग गाड़ी के संपर्क में होने के कारण विराम अवस्था में आ जाता है, परंतु शरीर के ऊपर का भाग गति के जड़त्व के कारण उसी वेग से आगे की ओर चलने का प्रयत्न करता है जिससे उसका सिर आगे की ओर झुक जाता है|

2. चलती हुई गाड़ी से कूदने पर व्यक्ति को गाड़ी के चलने की दिशा में कुछ दूर तक दौड़ना पड़ता है- चलती हुई गाड़ी में बैठे व्यक्ति के शरीर का वेग, गाड़ी के वेग के बराबर होता है| गाड़ी से उतरते ही जमीन के संपर्क में आकर उसके पैरों का वेग तो शून्य हो जाता है, लेकिन शरीर का ऊपरी भाग गति के जड़त्व के कारण सामने की ओर चलता रहता है| अत: व्यक्ति सामने की ओर गिर सकता है| परन्तु यदि व्यक्ति गाड़ी के चलने की दिशा में थोड़ी दूर तक दौड़ता रहता है, तो उसके पैर भी शरीर के साथ गतिमान रहते हैं और वह गिरने से बच जाता है|

3. लंबी कूद के खिलाड़ी कुछ दूर से दौड़कर कूदते हैं- लंबी कूद का खिलाड़ी कूदने से पहले कुछ दूरी दौड़कर गति का जड़त्व प्राप्त कर लेता है जिससे उसे कूदने में सहायता मिले तथा वह अधिक दूरी तक कूद सके|

Share:
Location: Sitamau, Madhya Pradesh 458990, India

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

नदियों से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रश्न उत्तर|Gk questions and answers on rivers

नदियों से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रश्न उत्तर|Gk questions and answers on rivers आज की इस पोस्ट में हम प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले...

Popular post